निर्दलीय एमएलसी राहुल राज व बंशीधर ब्रजवासी को राहत, सदस्यता रद्द करने की याचिकाएं निरस्त

  • Nov 18, 2026
Khabar East:Relief-for-independent-MLCs-Rahul-Raj-and-Banshidhar-Brajvasi-petitions-seeking-cancellation-of-their-membership-dismissed
पटना,18 नवंबरः

बिहार की राजनीति में दो निर्दलीय विधान पार्षदों की सदस्यता को लेकर चल रहा विवाद एक नया मोड़ ले चुका है। बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की सदस्यता रद्द कराने की विपक्ष की कोशिश को बड़ा झटका लगा है। बिहार विधान परिषद सचिवालय ने दोनों नेताओं के खिलाफ दाखिल निरर्हता यानी सदस्यता समाप्त करने की याचिकाओं को खारिज कर दिया है। इसके साथ ही फिलहाल दोनों विधान पार्षदों की सदस्यता बरकरार रहेगी। खास बात यह है कि इस फैसले से ठीक एक दिन पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विधान परिषद के कार्यकारी सभापति रामवचन राय से मुलाकात की थी। उन्होंने दोनों विधान पार्षदों की सदस्यता रद्द करने की मांग को लेकर लिखित ज्ञापन सौंपा था। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि दोनों नेताओं ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव जीतने के बाद बीजेपी का दामन थाम लिया, जो संविधान की दसवीं अनुसूची यानी दल-बदल विरोधी कानून के खिलाफ है। तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर संविधान की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद किसी राजनीतिक दल में शामिल होना संवैधानिक प्रावधानों के खिलाफ है। ऐसे में दोनों नेताओं की सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द होनी चाहिए।

 आरजेडी लगातार इस मामले को उठा रही थी और अब तेजस्वी यादव ने खुद सभापति से मुलाकात कर इस मांग को दोहराया था। तेजस्वी यादव की मुलाकात के अगले दिन विधान परिषद सचिवालय का फैसला सामने आया। सचिवालय ने बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के खिलाफ दाखिल याचिकाओं को प्रारंभिक स्तर पर ही निरस्त कर दिया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: