पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल राय का निधन, राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर

  • Feb 23, 2026
Khabar East:Former-Union-Minister-Mukul-Roy-passes-away-political-circles-mourn
कोलकाता,23 फरवरीः

पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल राय का निधन हो गया। उनकी उम्र 73 वर्ष थी। वह लंबे समय से बीमार थे। इस वरिष्ठ राजनीतिक नेता को न्यूटाउन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर छा गई। मुकुल राय की मौत की खबर सुनते ही उनके अनुयायी अस्पताल के सामने एकत्रित हो गए। सोशल मीडिया पर उनकी मौत पर कई लोगों ने शोक व्यक्त किया। पूर्व सांसद और भाजपा नेता दिलीप घोष और सिपिएम नेता सुजन चक्रवर्ती ने भी शोक व्यक्त किया। तृणमूल कांग्रेस के सांसद पार्थ भौमिक ने भी शोक व्यक्त किया। एक समय में मुकुल राय को तृणमूल कांग्रेस का 'सेकेंड इन कमांड' माना जाता था। 1998 में तृणमूल कांग्रेस के गठन के बाद वे पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव बने। वे राज्यसभा के सांसद भी चुने गए। मनमोहन सिंह के समय यूपीए-2 सरकार के दौरान वे केंद्रीय जहाज मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालते थे। रेल मंत्री के पद से ममता बनर्जी के इस्तीफा देने के बाद मुकुल राय ने रेल राज्य मंत्री की जिम्मेदारी भी निभाई। दिनेश त्रिवेदी के इस्तीफा देने के बाद उन्होंने रेल मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। उनका राजनीतिक जीवन रंगीन रहा है। एक समय उन्हें 'तृणमूल की राजनीति का चाणक्य' कहा जाता था। हालांकि, उन पर विवाद भी कम नहीं हुआ।

 2017 में, मुकुल राय ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। 2021 के विधानसभा चुनाव में कृष्णानगर उत्तर सीट से भाजपा के टिकट पर जीत हासिल की लेकिन चुनाव के बाद वह पुराने दल तृणमूल में वापस लौट गए। इसके बाद ही विरोधी दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने दल बदल विरोधी कानून के तहत उनके विधायक पद रद्द करने की मांग उठाई। हालांकि मुकुल राय ने विधायक पद से इस्तीफा नहीं दिया। काफी समय से मुकुल राय बीमार थे। बीमारी के कारण वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आ रहे थे। मुकुल राय के पुत्र शुभ्रांशु राय ने बताया कि रविवार रात करीब डेढ़ बजे उनके पिता का निधन हो गया। अस्पताल से उनके शरीर को घर ले जाया जाएगा। सोमवार को ही उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा, यह परिवारिक सूत्रों से पता चला है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: