ओडिशा के कानून, निर्माण एवं आबकारी मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने बुधवार को राज्य में 50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण, वन मंजूरी और अन्य बाधाओं को दूर कर निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
भुवनेश्वर स्थित निर्माण सौध में आयोजित बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और राज्य के निर्माण विभाग की ओर से संचालित परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।
बैठक में 240 किलोमीटर लंबे रायपुर-विजयवाड़ा रोड कॉरिडोर, चंडीखोल-पारादीप सड़क, कटक-अनुगुल-संबलपुर कॉरिडोर, संबलपुर बाईपास और तटीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इसके अलावा रेडाखोल-संबलपुर, राउरकेला-रांची सड़क के चौड़ीकरण, पुरी-भुवनेश्वर छह लेन सड़क, कैपिटल रीजन रिंग रोड और संबलपुर-झारसुगुड़ा ग्रीनफील्ड सड़क परियोजना पर भी चर्चा हुई।
राज्य के निर्माण विभाग की अन्य परियोजनाओं में कोक्सरा-नवरंगपुर, मोहना-कोरापुट और भंजनगर-आसिका सड़कों का चौड़ीकरण, दारिंगबाड़ी घाट सड़क, ब्रह्मपुर एवं खुर्दा बाईपास और विभिन्न रेलवे ओवरब्रिज परियोजनाएं शामिल रहीं।
बैठक में अधिकारियों ने भूमि अधिग्रहण, वन भूमि की मंजूरी, बिजली एवं अन्य उपयोगिता सेवाओं के स्थानांतरण सहित परियोजनाओं में आ रही प्रशासनिक और तकनीकी बाधाओं की जानकारी दी।
निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव संजय कुमार सिंह ने परियोजनाओं की प्रगति से मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने अधिकारियों को अन्य विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और भूमि अधिग्रहण के लिए भूमिराशि पोर्टल का अधिक उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने पर जोर दिया।
सिंह ने निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में निर्माण विभाग के वरिष्ठ इंजीनियरों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।