बच्चों के विकास के लिए ओडिशा सरकार ने शुरू कीं तीन नई पहल

  • Nov 11, 2026
Khabar East:Odisha-Unveils-3-Initiatives-To-Strengthen-Early-Childhood-Development
भुवनेश्वर,11 नवंबरः

ओडिशा सरकार ने 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के शुरुआती विकास, शिक्षा और बेहतर देखभाल को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को तीन नई पहल शुरू कीं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने रॉकेट लर्निंग के सहयोग से भुवनेश्वर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में इन पहलों की शुरुआत की। तीन नई पहलों में 0 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए डिजिटल सूचना एवं शैक्षिक सामग्री, शुरुआती वर्षों और बच्चों की संवेदनशील देखभाल के महत्व पर आधारित एक जागरूकता वीडियो तथा ‘सुपालना’ कार्यक्रम शामिल हैं। सुपालना रॉकेट लर्निंग की जन्म से तीन वर्ष तक के बच्चों के विकास पर केंद्रित पहल है।

 11 और 12 नवंबर को आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य बच्चों के जीवन के शुरुआती छह वर्षों में पोषण, स्वास्थ्य, शुरुआती शिक्षा और खेल आधारित सीखने की प्रक्रिया को मजबूत करना है।

उद्घाटन सत्र में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की पूर्व उप महानिदेशक और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने कहा कि बच्चे के जीवन के शुरुआती छह वर्ष उसके भविष्य के स्वास्थ्य, शिक्षा और समग्र विकास की नींव तैयार करते हैं। नीति आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. वीके पॉल ने भी प्रारंभिक बाल विकास को मजबूत करने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाने और समग्र दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया।

 महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त-सह-सचिव डॉ. मृणालिनी दर्शवाल ने राज्य की ‘आसा खेलिबा, आसा सिखिबा’ (आइए खेलें, आइए सीखें) पहल का उल्लेख करते हुए शुरुआती शिक्षा में तकनीक, प्रशिक्षित शिक्षकों और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

सम्मेलन के पहले दिन तीन प्रमुख विषयों पर चर्चा हुई। इनमें जन्म से तीन वर्ष तक के बच्चों का स्वास्थ्य एवं पोषण, 3 से 6 वर्ष के बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करने में खेल आधारित शिक्षा और प्रारंभिक बाल विकास के लिए सरकारी विभागों एवं निजी संस्थाओं के बीच साझेदारी शामिल रही।

 कार्यक्रम में वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विशेषज्ञों और विभिन्न विकास संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन का समापन 12 नवंबर को होगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: