ओडिशा के उच्च शिक्षा विभाग ने बुधवार को शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्र संघ चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। चुनाव के लिए मतदान 15 अक्टूबर को होगा।
कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना सात अक्टूबर को जारी की गई।
नामांकन प्रक्रिया नौ अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी। इसी दिन दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और शाम 5 बजे वैध नामांकन की सूची जारी की जाएगी।
उम्मीदवार 10 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे अंतिम उम्मीदवार सूची प्रकाशित की जाएगी।
14 अक्टूबर को ‘ह्वाइ आइ स्टैंड फॉर’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
15 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित होने तक जारी रहेगी।
16 अक्टूबर को सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी दिन आरक्षित दिवस भी रहेगा।