राउरकेला से परादीप जा रही 'श्री माँ' नामक नाइट बस में देर रात भीषण आग लग गई। यह हादसा अंगुल जिले के पाल्लहड़ा क्षेत्र के बरकोटिया गांव के पास बंजीकुसुम इलाके में हुआ।
आग इतनी तेज थी कि पूरी बस जलकर राख हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले बस के एसी यूनिट में लगी। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को सतर्क कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि, बस में रखा यात्रियों का पूरा सामान आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गया।
सूचना मिलते ही पाल्लहड़ा अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की जानकारी मिलने पर खमार और पाल्लहड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।