पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में ग्रामीण आवास योजना के तहत हजारों गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिली है। राज्य सरकार की आवास योजना के तहत जिले के 73,500 परिवारों को दूसरी किस्त की राशि मिल चुकी है। जिला मजिस्ट्रेट श्रीकांत पल्ली ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि जिले में करीब 88,000 लाभार्थियों को राज्य की आवास योजना के दायरे में शामिल किया गया है। लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से सीधे पैसे भेजे गए हैं। वहीं, जिन परिवारों के मकान निर्धारित प्लिंथ स्तर तक बन जाएंगे, उन्हें दूसरी किस्त की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। नदिया जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नया सर्वेक्षण भी चल रहा है। इस सर्वे के माध्यम से 1.5 लाख से अधिक संभावित नए लाभार्थियों की पहचान होने की उम्मीद है। इससे उन गरीब परिवारों को आवास सहायता मिलने का रास्ता खुल सकता है, जो अब भी कच्चे या अधूरे मकानों में रहने को मजबूर हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में राज्य सरकार की आवास योजना और केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना, दोनों संचालित हैं। पात्र परिवारों तक सरकारी सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।
एक तरफ सरकार जरूरतमंद परिवारों को आवास सहायता उपलब्ध करा रही है, वहीं दूसरी तरफ योजनाओं में कथित अनियमितताओं की जांच भी तेज कर दी गई है। राज्यव्यापी सत्यापन के दौरान करीब 57,000 ऐसे लाभार्थियों की पहचान की गई है, जिनके फर्जी या अपात्र होने का संदेह है। सरकार अब इन मामलों की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि किन लोगों ने नियमों के विरुद्ध आवास योजना का लाभ उठाया है।