बीसीसीएल लोदना क्षेत्र 10 के बरारी छह नंबर बस्ती के पास गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तेज आवाज के साथ अचानक जमीन धंस गई। देखते ही देखते धंसी जमीन से धुआं निकलने लगा और आग की लपटें उठने लगीं। घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग किसी बड़े हादसे की आशंका को लेकर चिंतित हैं। जमीन धंसने की घटना का असर अब लक्ष्मी कॉलोनी जाने वाली सड़क पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अगर धंसाव का दायरा बढ़ा तो सड़क भी इसकी चपेट में आ सकती है। ऐसे में इस रास्ते से वाहनों और लोगों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ-साथ हादसे का खतरा भी बढ़ सकता है। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन के नीचे आग और धंसाव की स्थिति को देखते हुए प्रभावित इलाके को तत्काल सुरक्षित किया जाना जरूरी है। यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो धंसाव का दायरा बढ़ सकता है, जिससे बस्ती के साथ-साथ सड़क से गुजरने वाले लोगों और वाहनों पर भी खतरा मंडरा सकता है।
जमीन धंसने और आग की लपटें उठने की सूचना मिलते ही बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। प्रबंधन की ओर से जमीन धंसने और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से प्रभावित क्षेत्र की तत्काल घेराबंदी कराने, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और लगातार निगरानी रखने की मांग की है।