केंद्रापड़ा जिले के राजनगर वन प्रभाग के अंतर्गत भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान एवं अभयारण्य के विभिन्न क्षेत्रों में गुरुवार से वार्षिक देशी पक्षी गणना शुरू हो गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, तीन दिवसीय पक्षी गणना अभियान उद्यान के माथाडिया, दुर्गाप्रसाद दिया और लक्ष्मी प्रसाद दिया क्षेत्रों में आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए वन विभाग की चार टीमें तैनात की गई हैं। प्रत्येक टीम में चार से पांच वनकर्मी शामिल हैं। पक्षियों की गणना पक्षी विशेषज्ञों (ऑर्निथोलॉजिस्ट) के नेतृत्व में की जा रही है।
वन विभाग के कर्मचारियों को गणना से एक दिन पहले प्रशिक्षण दिया गया था। प्रतिदिन सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक पक्षियों की गिनती की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, इस अभियान के दौरान करीब 10 प्रजातियों के पक्षियों की गणना की जाएगी। इनमें गेंडालिया (एशियन ओपनबिल), डाबेंटिया, अंजना, खैरा, पाणिकुआ (लिटिल कॉर्मोरेंट), माझिया बगा, छोटा बगा, रानी बगा, कपर खाई और अंधारिया बगा शामिल हैं।