राजधानी पटना में साइबर ठगी के बड़े मामले का खुलासा हुआ है। हरियाणा के हिसार निवासी एक निजी डॉक्टर को डेटिंग ऐप के जरिए जाल में फंसाकर 4.32करोड़ रुपये की ठगी की गई। मामले की जांच में आरोपितों का कनेक्शन पटना से जुड़ा मिला। इसके बाद हरियाणा पुलिस बुधवार को पटना पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित एक अपार्टमेंट में छापेमारी की। पुलिस ने यहां से दो आरोपितों दीपक कुमार और हर्ष को गिरफ्तार किया। दोनों को हरियाणा पुलिस अपने साथ ले गई है। पाटलिपुत्र थानाध्यक्ष रितुराज ने हरियाणा पुलिस के पहुंचने और दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। जांच के अनुसार,डॉक्टर की डेटिंग ऐप पर एक युवती से बातचीत शुरू हुई थी। संपर्क बढ़ने के बाद दोनों इंस्टाग्राम और फिर वाट्सऐप पर बातचीत करने लगे। युवती ने डॉक्टर को बताया कि वह अपने एक करीबी के साथ शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमाती है।
भरोसा जीतने के लिए उसे ट्रेडिंग से होने वाले कथित मुनाफे की जानकारी दी गई। इसके बाद डॉक्टर को एक वेबसाइट पर ट्रेडिंग खाता खुलवाया गया। करीब तीन महीने तक अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए उनसे 4.32करोड़ रुपये निवेश करा लिए गए। वेबसाइट पर निवेश की रकम और मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाया जाता रहा। जब डॉक्टर ने रकम निकालने की कोशिश की तो निकासी नहीं हो सकी। इसके बाद उन्हें ठगी का पता चला और उन्होंने हिसार साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। तकनीकी जांच में आरोपितों की लोकेशन पटना में मिली थी।