ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को अपने आधिकारिक आवास पर इंडियन आइडल सीजन-16 की विजेता ज्योतिर्मयी नायक को सम्मानित किया और राष्ट्रीय स्तर पर उनकी शानदार उपलब्धि के लिए पांच लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की।
इस अवसर पर ज्योतिर्मयी ने मुख्यमंत्री को इंडियन आइडल की ट्रॉफी भेंट की और प्रतियोगिता के दौरान अपने संघर्ष, कड़ी मेहनत, समर्पण और अथक प्रयासों से जुड़ी यात्रा साझा की।
मुख्यमंत्री ने ज्योतिर्मयी को बधाई देते हुए कहा कि देश की सबसे प्रतिष्ठित गायन प्रतियोगिताओं में से एक इंडियन आइडल का खिताब जीतकर उन्होंने पूरे ओडिशा का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि महाप्रभु जगन्नाथ के आशीर्वाद, असाधारण प्रतिभा, निरंतर अभ्यास और अटूट समर्पण के बल पर ज्योतिर्मयी ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है और वह राज्य के उभरते गायकों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई हैं।
मुख्यमंत्री ने ज्योतिर्मयी की इस पहल की भी सराहना की कि उन्होंने अपनी संगीत प्रतिभा को केवल मंच तक सीमित नहीं रखा, बल्कि ओडिशा के कई कैंसर अस्पतालों में मरीजों के लिए म्यूजिक थेरेपी के माध्यम से उन्हें मानसिक संबल और सुकून देने का कार्य भी किया। उन्होंने कहा कि संगीत के जरिए मरीजों को राहत पहुंचाने का उनका प्रयास कलात्मक उत्कृष्टता और सामाजिक सेवा का अद्भुत उदाहरण है।
मोहन चरण माझी ने ज्योतिर्मयी को ओडिशा और देश के युवाओं के लिए "यूथ आइकन" बताते हुए विश्वास जताया कि मरीजों की देखभाल में संगीत को शामिल करने की उनकी पहल भविष्य में अन्य लोगों को भी प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि ज्योतिर्मयी जैसे युवा प्रतिभाओं का समर्पण और उपलब्धियां समृद्ध ओडिशा और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
मुख्यमंत्री ने इंडियन आइडल की पूरी यात्रा के दौरान ज्योतिर्मयी को भरपूर समर्थन देने के लिए ओडिशा के लोगों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी जीत पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है और इससे राष्ट्रीय सांस्कृतिक मंच पर ओडिशा की पहचान और मजबूत हुई है।
सम्मान समारोह के दौरान ज्योतिर्मयी के साथ उनके माता-पिता चक्रधर नायक और गौरी नायक भी मौजूद थे।