छत्तीसगढ़ भाजपा का मैराथन मंथन आज से शुरू हो रहा है। सबसे पहले प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी कोर कमेटी की बैठक होगी। बुधवार को सभी प्रकोष्ठों की बैठक आयोजित की गई है। इसके अलावा सभी मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की जाएगी। उसके बाद भारतीय जनता पार्टी के सिर्फ प्रदेश नेतृत्व की बैठक होगी, जिसमें छत्तीसगढ़ में पार्टी के के आगे की कार्य योजना का स्वरूप तैयार किया जाएगा। बीजेपी का आज का कार्यक्रम भाजपा की बैठक के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर 3:00 बजे से भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई है। भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री शिव प्रकाश की मौजूदगी में यह बैठक आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव करेंगे।
जानकारी के अनुसार बैठक शाम 6:00 बजे तक चलेगी। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के कोर ग्रुप की बैठक बुलाई गई है। प्रदेश पदाधिकारी की बैठक और कोर ग्रुप की बैठक में इस बात पर निर्णय लिया जाएगा कि आगे की कार्रवाई किस तरीके से सरकार और संगठन के बीच समन्वय बनाकर करना है। बुधवार 22 जुलाई की सुबह 11:00 से ही कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिसमें भाजपा के सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी के साथ बैठक की जाएगी। प्रकोष्ठ के पदाधिकारी से बैठक करने का मुख्य उद्देश्य पार्टी अपनी नई रणनीति को उस आधार पर लेकर चलेगी जो ग्रामीण क्षेत्र से सुझाव के रूप में आएंगे। भारतीय जनता पार्टी के सभी प्रकोष्ठों की बैठक के बाद सभी मोर्चा के पदाधिकारी के साथ बैठक की जाएगी जिसमें भारतीय जनता पार्टी आगे की रणनीति पर चर्चा करेगी।