ओडिशा के राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने मंगलवार को घोषणा की है कि लगातार हो रही बारिश से जिन लोगों के घर या कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है, उन्हें राज्य सरकार तत्काल मुआवजा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी ब्लॉक में केवल एक घर या एक खेत भी बारिश से प्रभावित हुआ है, तब भी सरकार की ओर से मुआवजा दिया जाएगा।
मीडिया से बातचीत में मंत्री ने बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान राज्य के कई जिलों में भारी वर्षा हुई है। बलांगीर, कटक और तटीय जिलों की कृषि भूमि सबसे अधिक प्रभावित हुई है। संवेदनशील क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया है, जहां उन्हें भोजन सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
राज्य सरकार ने भारी बारिश से प्रभावित सभी जिलों के जिलाधिकारियों (कलेक्टरों) को नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार उसकी समीक्षा करेगी।
मंत्री ने बताया कि बरगढ़, बलांगीर और कटक जिलों से नुकसान की रिपोर्ट पहले ही प्राप्त हो चुकी है। संबंधित कलेक्टरों को प्रभावित लोगों का विवरण और उनके बैंक खातों की जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। मुआवजे की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर की जाएगी।
सुरेश पुजारी ने स्पष्ट किया कि खेती के शुरुआती चरण में यदि फसलें बारिश से खराब होती हैं, तो ऐसे किसानों को भी मुआवजा दिया जाएगा।