टूटी पटरी से गुजरी बगहा-पाटलिपुत्र इंटरसिटी एक्सप्रेस, बाल-बाल बचे यात्री

  • Feb 28, 2026
Khabar East:Bagaha-Patliputra-Intercity-Express-passes-over-broken-track-passengers-have-narrow-escape
बेतिया,28 फरवरीः

बिहार के पश्चिम चंपारण के बेतिया में एक बड़ा रेल हादसा टल गया है। नरकटियागंज-बेतिया रेलखंड पर कुमारबाग रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक में दरार आने से बगहा-पाटलिपुत्र इंटरसिटी एक्सप्रेस (15202) दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। लोको पायलट की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से सैकड़ों यात्रियों की जान बचाई जा सकी। घटना शनिवार सुबह हुई, जब ट्रेन कुमारबाग स्टेशन से रवाना होकर महज 300 मीटर आगे बढ़ी थी। ट्रेन कुमारबाग स्टेशन से सुबह 5:48 बजे रवाना हुई। इंजन और दो बोगियां गुजरने के दौरान लोको पायलट को तेज झटका महसूस हुआ और ट्रैक धंसने का एहसास हुआ। उन्होंने तुरंत ट्रेन रोक दी और नीचे उतरकर जांच की, तो पटरी टूटी हुई मिली। यदि झटके को गंभीरता से न लिया जाता, तो 120 किमी/घंटा की रफ्तार वाली ट्रेन पटरी से उतर सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रेन के गार्ड ने भी इसकी पुष्टि की है ।

 ट्रेन करीब डेढ़ से दो घंटे तक मौके पर खड़ी रही, जिस दौरान यात्रियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेल अधिकारी, पीडब्ल्यूआई स्टाफ और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। तात्कालिक मरम्मत कार्य शुरू किया गया और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक को दुरुस्त कर ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया। 

Author Image

Khabar East

  • Tags: