छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड स्थित रहंगी खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। यहां उन्होंने जिले में 263 करोड़ 16 लाख 81 हजार रुपये की लागत के कुल 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 15 करोड़ 98 लाख 53 हजार रुपये की लागत से तैयार 7 कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 247 करोड़ 18 लाख 28 हजार रुपये की लागत के 82 कार्यों का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत प्रदेश के 24.28 लाख किसानों के खातों में 10,324.84 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि अंतरित की। इसमें बिलासपुर जिले के 1 लाख 25 हजार 352 किसानों के खातों में 494.38 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई। इस अवसर पर वृहद किसान सम्मेलन भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने जिले में कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें प्रमुख रूप से रतनपुर-कोटा-लोरमी मार्ग के चांपा नाला पर 3.51 करोड़ रुपये की लागत से बना पुल शामिल है। इसके अलावा तखतपुर में 2.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मस्तूरी के लुथरा में 75 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण हुआ। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन, स्वास्थ्य सुविधाओं और सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।