रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की दूसरी बार धमकी दी गई है। इस बार भी धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है। इससे पहले 6 फरवरी को ईमेल भेजकर सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गई थी। धमकी भरा ईमेल आने के बाद पूरे सिविल कोर्ट परिसर की एक बार फिर बम निरोधक दस्ते के द्वारा तलाशी ली गई।रांची में एक बार फिर ईमेल के जरिए सिविल कोर्ट को बम धमाका करने की धमकी दी गई है। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि एक ईमेल के माध्यम से रांची सिविल कोर्ट को एक बार फिर से बम धमाके से उड़ा देने की धमकी दी गई है। धमकी आने के बाद पूरे सिविल कोर्ट परिसर को बम निरोधक दस्ते के द्वारा खंगाला गया।
बताया जा रहा है कि इस बार सिविल कोर्ट परिसर को आरडीएक्स लगाकर उड़ाने की धमकी दी गई है। इससे पहले 6 फरवरी को रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। जिसके बाद लगातार दो दिनों तक झारखंड जगुआर के बम निरोधक दस्ते ने पूरे कोर्ट कैंपस की तलाशी ली थी। जांच के दौरान बम निरोधक दस्ते को कोई भी विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी।