ओडिशा के जगतसिंहपुर और झारसुगुड़ा जिला अदालतों को शुक्रवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। घटना के बाद दोनों कोर्ट परिसरों की सुरक्षा तत्काल बढ़ा दी गई। रिपोर्ट के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल भेजकर दोनों जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी दी। धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) और विशेष टीम मौके पर पहुंची तथा कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
सुरक्षाकर्मी अदालत परिसर के कोने-कोने की जांच कर रहे हैं और हर संदिग्ध वस्तु पर कड़ी नजर रखी जा रही है। वहीं, धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम ने भी जांच शुरू कर दी है।
हालांकि, शुरुआती तलाशी के दौरान अब तक कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू कर दिए हैं।
पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है। ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और धमकी के पीछे के उद्देश्य का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।