स्कूल वैन व ट्रेन की जोरदार टक्कर, दो छात्र समेत तीन की मौत

  • Jul 17, 2026
Khabar East:Three-killed-including-two-students-in-violent-collision-between-school-van-and-train
मुर्शिदाबाद,17 जुलाईः

स्कूल जाते समय ट्रेन के धक्के से पुलकार में सवार दो छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना शुक्रवार की सुबह करीब 7.30 बजे की बतायी जाती है। यह घटना मुर्शिदाबाद जिले के आजिमगंज-कटवा शाखा के कर्णसुवर्ण स्टेशन के पास गोविंदपुर रेलगेट पर घटी। इस घटना के तुरंत बाद रेलवे ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में गेटमैन और सुपरवाइजर को सस्पेंड कर दिया है। इस बात की जानकारी पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवराम माझी ने दी। वहीं बहरमपुर पुलिस ने गेटमैन को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि सुपरवाइजर के खिलाफ फिलहाल सस्पेंशन के अलावा और कोई कदम नहीं उठाया गया है। पूर्व रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान करने की घोषणा की है।

 पुलिस सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार रोज की तरह गाड़ी में सवार होकर छात्र स्कूल जा रहे थे। सुबह करीब 7.30 बजे हावड़ा डिविजन के कटवा-आजिमगंज शाखा के कर्णसुवर्ण स्टेशन के पास गोविंदपुर रेलगेट पर गाड़ी को कटवा की ओर जाने वाली तेज रफ्तार निमतिता-कटवा पैसेंजर ट्रेन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से घटनास्थल पर ही दो छात्रों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल गाड़ी का ड्राइवर और तीन छात्रों को बहरमपुर मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

 पुलिस और स्थानीय सूत्रों की ओर से दावा किया जा रहा है कि गेटमैन की लापरवाही की वजह से ही यह दुर्घटना घटी। दावा किया जा रहा है कि हावड़ा-नवद्वीप एक्सप्रेस के चले जाने के बाद ही गेटमैन ने लेवल क्रॉसिंग को खोल दिया। गेट को खुला देखकर छात्रों से भरी एक गाड़ी रेलवे लाइन को पार करने की कोशिश करने लगी। तभी तेज रफ्तार से आयी निमतिता-कटवा लोकल ट्रेन से गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गयी। इस हादसे में घटनास्थल पर ही दो छात्रों की मौत हो गयी। वहीं अस्पताल ले जाने के दौरान एक युवक की मौत हो गयी। दुर्घटना में 4 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी मिली है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: