ब्रज मोहन राम ने रविवार को ओडिशा के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ली है। भुवनेश्वर स्थित लोक भवन के नवनिर्मित अभिषेक हॉल में सुबह 11 बजे आयोजित विशेष समारोह में ओडिशा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति हरीश टंडन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, मंत्रिपरिषद के सदस्य, सांसद, विधायक तथा वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी, उपाध्यक्ष भवानी शंकर भोई और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मनमोहन सामल भी समारोह में शामिल हुए।
शपथ ग्रहण से पहले और बाद में नए राज्यपाल को सशस्त्र बलों की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। समारोह के मद्देनजर लोक भवन और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
शपथ लेने के बाद ब्रज मोहन राम ने औपचारिक रूप से ओडिशा के राज्यपाल का कार्यभार संभाल लिया। पत्नी के साथ शनिवार दोपहर में ही वे विशेष विमान से ओडिशा पहुंचे थे।
भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी, संसदीय कार्य मंत्री मुकेश महालिग, कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र, उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज, मुख्य सचिव अनु गर्ग, डीजीपी विनयतोष मिश्रा, राज्यपाल के सचिव रूपारोशन साहू सहित वरिष्ठ अधिकारियों और भाजपा नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
इसके बाद राम पुरी पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए और पुरी स्थित लोक भवन में भी कुछ समय बिताया।