एससीबी में 1.40 करोड़ रुपये के गबन के आरोप में डेटा एंट्री ऑपरेटर गिरफ्तार

  • Aug 28, 2026
Khabar East:Data-Entry-Operator-Arrested-For-Rs-14-Crore-Embezzlement-At-SCB
कटक,28 अगस्तः

कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक कार्यालय में कार्यरत एक डेटा एंट्री ऑपरेटर को 1.40 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया है आरोपी को एससीबी के अधीक्षक की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर मंगलाबाग पुलिस ने गिरफ्तार किया।

 रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी डेटा एंट्री ऑपरेटर मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों के वेतन से संबंधित डेटा और कार्य संभालता था। ऑडिट के दौरान वेतन संबंधी डेटा में गड़बड़ी और छेड़छाड़ का पता चला। ऑडिट रिपोर्ट में सामने आया कि डेटा में कथित हेरफेर के कारण 1.40 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता हुई।

 कटक के डीसीपी ने कहा कि ऑडिट रिपोर्ट में अनियमितता सामने आने के बाद एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक ने मंगलाबाग थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर हमने जांच शुरू की और डेटा एंट्री ऑपरेटर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान केंद्रापड़ा जिले के राजकनिका निवासी दिनेश राउत के रूप में हुई है। वह कटक के मंगलाबाग इलाके में रह रहा था।

 उन्होंने आगे कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी वेतन संबंधी डेटा में हेरफेर कर अन्य कर्मचारियों का वेतन अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर रहा था। फिलहाल उसके सभी बैंक खातों और लेन-देन की विस्तृत जांच की जा रही है। हम यह भी पता लगा रहे हैं कि क्या उसने गबन की गई रकम से कोई चल या अचल संपत्ति खरीदी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: