ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। राज्य पुलिस और खुफिया विभाग में छह वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। गृह विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी हिमांशु कुमार लाल, जो वर्तमान में संबलपुर के उत्तरी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) हैं, को भुवनेश्वर स्थित आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्लू) का आईजी नियुक्त किया गया है। उन्हें स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
इसी तरह, 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी सत्यव्रत भोई, जो वर्तमान में तालचेर के उत्तरी-मध्य रेंज के आईजी हैं और पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी), अंगुल के प्रिंसिपल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं, को आईजी, इंटेलिजेंस नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी जय नारायण पंकज, जो वर्तमान में भुवनेश्वर स्थित ओडिशा इंटेलिजेंस के आईजी हैं, का तबादला कर उन्हें दक्षिणी रेंज, ब्रह्मपुर का आईजी नियुक्त किया गया है।
वहीं, 2007 बैच की आईपीएस अधिकारी नीति शेखर, जो वर्तमान में दक्षिणी रेंज, ब्रह्मपुर की आईजी हैं, को पुलिस मुख्यालय में आईजी (प्रोविजनिंग) नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में, 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी चरण सिंह मीणा, जो वर्तमान में डीआईजी (प्रोविजनिंग) हैं, को डीआईजी, उत्तरी रेंज, संबलपुर नियुक्त किया गया है।
वहीं, 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी आशीष कुमार सिंह, जो केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौटने के बाद गृह विभाग में योगदान दे चुके हैं, को डीआईजी, उत्तरी-मध्य रेंज, तालचेर नियुक्त किया गया है। उन्हें पीटीसी, अंगुल के प्रिंसिपल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
गृह विभाग ने ओडिशा के राज्यपाल की मंजूरी के बाद इन तबादलों और नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं।