एक दिन स्वास्थ्य लाभ लेने के बाद फिर एक्टिव हुए नीतीश कुमार

  • Aug 25, 2025
Khabar East:Nitish-Kumar-became-active-again-after-taking-one-days-recovery
पटना,25 अगस्तः

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक दिन का स्वास्थ्य लाभ लेने के बाद आज सुबह से एक्टिव हैं। मुख्यमंत्री एक के बाद एक कई कार्यक्रमों में सोमवार को शामिल हुए। पटना के विभिन्न इलाकों में सीएम का कार्यक्रम हुआ। मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं का शिलान्यास किया तो वहीं बीपी मंडल की जयंती समारोह में भी शामिल हुए। दरअसल, रविवार को मुख्यमंत्री को कई कार्यक्रम में शामिल होना था, तैयारी भी हो गई थी लेकिन अचानक कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। सीएम हाउस ने अपरिहार्य कारण से कार्यक्रम रद्द होने की बात कही। हालांकि चर्चा यह होने लगी कि मुख्यमंत्री अस्वस्थ हो गए हैं और इसी कारण कार्यक्रम रद्द हुआ है। लेकिन आज सुबह से ही मुख्यमंत्री व्यस्त दिख रहे हैं। सबसे पहले मुख्यमंत्री बीपी मंडल की जयंती पर आयोजित राजकीय समारोह में शामिल होने के लिए देश रत्न मार्ग एवं सर्कुलर पथ चौराहा स्थित प्रतिमा के पास पहुंचे और बीपी मंडल को याद किया। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद थे।

 इसके बाद मुख्यमंत्री पटेल गोलंबर से इको पार्क के पश्चिमी छोर तक तथा इको पार्क के पूर्वी छोर से अटल पथ तक भूमिगत नाला और चार लेन सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। 196.80 करोड़ की लागत से इसका निर्माण होना है। बिहार सरकार के कई मंत्री इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री 328.52 करोड़ की लागत से पटना शहरी क्षेत्र में विद्युत संरचनाओं के आधुनिकीकरण और बिजली तारों को चरमबद्ध तरीके से भूमिगत करने की परियोजना का कार्य आरंभ किया। पटना के डाक बंगला पर इसके लिए विशेष रूप से कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव सहित कई मंत्री इस कार्यक्रम में भी मौजूद रहे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: