प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षाबलों के जवानों के साथ दिवाली मनाई। लगातार 13वीं बार जवानों के बीच त्योहार मनाने पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि 2026 की दिवाली देश के लिए बेहद खास है। यह पहली दिवाली है, जब देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त है। उन्होंने कहा कि 40-50 साल बाद ऐसी दिवाली आई है, जब देश ने नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ दशकों पुरानी लड़ाई में जीत हासिल की है। पीएम मोदी ने सुरक्षाबलों के जवानों को अपना परिवार बताते हुए उनके त्याग, समर्पण और बलिदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर में कभी नक्सलवाद का खतरा था, लेकिन जवानों के प्रयासों से अब यहां विकास की नई लहर शुरू हुई है।
पीएम मोदी ने कहा कि बस्तर की धरती पर कभी नक्सलवाद का खतरा था, लेकिन सुरक्षाबलों के त्याग और समर्पण के कारण अब इस क्षेत्र में नक्सलवाद का खतरा खत्म हुआ है और विकास की नई लहर शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि देश के अंदरूनी हिस्सों में सुरक्षा मजबूत होने से बाहरी सुरक्षा भी मजबूत होती है। जब आंतरिक सुरक्षा कमजोर होती है, तो बाहरी दुश्मन भी सिर उठाने लगते हैं। प्रधानमंत्री ने जवानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह देश की सेनाएं सीमा पर सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाती हैं, उसी तरह सुरक्षाकर्मी देश के भीतर सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा, "आपने देश की एकता और अखंडता के लिए अनगिनत कुर्बानियां दी हैं। आपने बहुत बड़ी निजी कुर्बानियां दी हैं। करोड़ों देशवासियों को आप पर गर्व है।" पीएम मोदी ने कहा कि वह 140 करोड़ देशवासियों की ओर से जवानों के त्याग, समर्पण और सेवा भावना के लिए आभार जताने आए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि भारत अपने हर संकल्प को पूरा करने की क्षमता रखता है। पीएम मोदी ने कहा कि देश गरीबी हटाने, ड्रग-फ्री इंडिया और नशामुक्त भारत के साथ विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लक्ष्यों को भी जरूर हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि इन सपनों को हकीकत बनते देखना है। उन्हें देश की युवा शक्ति और नागरिकों पर पूरा भरोसा है कि भारत इन सभी लक्ष्यों को हासिल करेगा।