राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को भुवनेश्वर से गंजाम जिले के ब्रह्मपुर तक लगभग 170 किलोमीटर की यात्रा विशेष ट्रेन से की। राष्ट्रपति के साथ ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद थे। तीनों ने भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन से "प्रेसिडेंट्स स्पेशल" ट्रेन में सवार होकर यात्रा शुरू की। यह अत्याधुनिक विशेष रेल कोच वातानुकूलित शयनकक्ष, बैठक-सह-भोजन कक्ष और रसोई जैसी सुविधाओं से सुसज्जित है।
अधिकारियों के अनुसार, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा बारिश की संभावना जताए जाने के कारण ट्रेन यात्रा का निर्णय लिया गया। विशेष ट्रेन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना हुई और सुबह 11:10 बजे ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन पहुंची।
राष्ट्रपति की विशेष ट्रेन के आगे और पीछे एक-एक ट्रेन सुरक्षा के लिए चल रही थी। यात्रा के दौरान उस ट्रैक पर किसी अन्य ट्रेन के परिचालन की अनुमति नहीं दी गई। भुवनेश्वर और ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और सामान की गहन जांच की व्यवस्था की गई थी। सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तथा केंद्रीय एजेंसियों के कमांडो भी सुरक्षा में तैनात रहे। भुवनेश्वर स्टेशन पर करीब 15 प्लाटून पुलिस बल तैनात किया गया था, जबकि ब्रह्मपुर में भी इसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था की गई।
ब्रह्मपुर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति ने सनाखेमुंडी ब्लॉक स्थित तप्तपानी के निकट मां कांधुनी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की।
गंजाम के जिलाधिकारी वी. कीर्ति वासन ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर जिले के सभी कार्यक्रम स्थलों को 'नो-फ्लाइंग जोन' घोषित किया गया है। प्राकृतिक गर्म जलस्रोतों और घने जंगलों के लिए प्रसिद्ध तप्तपानी दक्षिण ओडिशा का प्रमुख पर्यटन स्थल है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को अपने तीन दिवसीय दौरे पर ओडिशा पहुंची हैं।