बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक पर शनिवार सुबह बेखौफ बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मंदिर में पूजा करने पहुंचे स्थानीय किताब दुकानदार एवं प्रॉपर्टी डीलर श्याम कुमार कुशवाहा उर्फ श्याम सुंदर प्रसाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, श्याम कुमार कुशवाहा रोज की तरह शनिवार सुबह डेरा चौक स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए तीन अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने बेहद करीब से कई राउंड गोलियां चलाईं।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें इलाज के लिए SKMCH ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक के बड़े भाई मोहन प्रसाद ने बताया कि भाई पूजा करने गए थे।
सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से कुछ खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक मंदिर में पूजा करने आया था। इसी दौरान तीन अभियुक्तों ने मिलकर उसे गोली मार दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।