कलाहांडी में जुए के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, पांच गिरफ्तार

  • Jul 04, 2026
Khabar East:Gambling-Racket-Busted-In-Kalahandi-Five-Arrested
कलाहांडी,04 जुलाईः

ओडिशा के कलाहांडी जिले में एम. रामपुर थाना क्षेत्र के गजबहाल गांव स्थित एक राइस मिल में संचालित अवैध जुए के अड्डे का शनिवार को पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राइस मिल के मालिक शंकरलाल अग्रवाल, तुसुरा निवासी विनोद जैन, जगदंबा राइस मिल के मालिक सुनील केड़िया, प्रदीप कुमार साहू और जोराडोबरा क्षेत्र के प्रकाश के रूप में हुई है।

 पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद एम. रामपुर पुलिस के निर्देश पर केसिंगा एसडीपीओ संदीप कुमार माझी के नेतृत्व में बालाजी राइस मिल पर छापेमारी की गई, जहां कथित तौर पर अवैध जुआ खेला जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सभी आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

 छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 64,390 रुपये नकद, एक कार और ताश के सात पैकेट जब्त किए। इसके बाद सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए एम. रामपुर थाने ले जाया गया।

 इस मामले में पुलिस ने केस संख्या 170/2026 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह के नेटवर्क और अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: