केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का चार जुलाई को प्रस्तावित ओडिशा दौरा खराब मौसम और राज्यभर में हो रही भारी बारिश के कारण रद्द कर दिया गया है।
बरगढ़ के सांसद प्रदीप पुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिकूल मौसम और लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अमित शाह चार जुलाई को झारसुगुड़ा हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद बरगढ़ जिले का दौरा करने वाले थे।
इस दौरान उन्हें बरगढ़ जिले में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के 1,775 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित द्वितीय पीढ़ी (2G) इथेनॉल संयंत्र का उद्घाटन करना था। इसके अलावा उनके कई अन्य सरकारी कार्यक्रम भी निर्धारित थे। हालांकि, खराब मौसम के चलते सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।
सांसद प्रदीप पुरोहित ने बताया कि मौसम में सुधार होने के बाद इन कार्यक्रमों की नई तारीख घोषित की जाएगी।
गौरतलब है कि सक्रिय मानसूनी प्रणाली के प्रभाव से ओडिशा के कई जिलों में लगातार भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते यह फैसला लिया गया।