भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) के अतिरिक्त आयुक्त रत्नाकर साहू पर हमले के विरोध में ओडिशा प्रशासनिक सेवा (ओएएस) और ओडिशा राजस्व सेवा (ओआरएस) अधिकारियों की चल रही हड़ताल के बीच, राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने मौजूदा बाढ़ की स्थिति और रथ यात्रा को देखते हुए आंदोलनकारी अधिकारियों से काम पर लौटने की अपील की है।
मीडिया से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार अधिकारियों के दर्द और भावनाओं के साथ खड़ी है। लेकिन यह समय जनता की तत्काल आवश्यकता का भी है, क्योंकि राज्य के कई हिस्से बाढ़ से प्रभावित हैं और भव्य रथ यात्रा का आयोजन चल रहा रहा है। मैं सभी हड़ताली अधिकारियों से विनम्रतापूर्वक अपील करता हूं कि वे अपना आंदोलन अस्थायी रूप से स्थगित करें और फिलहाल काम पर लौट आएं। पुजारी ने बताया कि बीएमसी अधिकारी पर हमले के सिलसिले में पांच लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि कुछ लोगों को तो उनकी राजनीतिक पार्टी से भी निलंबित कर दिया गया है। कानून अपना काम करेगा। घटना के पीछे असली मास्टरमाइंड की पहचान करने में समय लगेगा, लेकिन किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
ओएएस अधिकारियों द्वारा उठाई गई चिंताओं को स्वीकार करते हुए मंत्री ने दोहराया कि सबको न्याय मिलेगा। हालांकि, उन्होंने उनसे राज्य के सामने मौजूदा चुनौतियों पर विचार करने और अपने विरोध को बाद में अधिक उपयुक्त समय के लिए टालने का आग्रह किया।
इस विरोध के चलते कई जिलों में प्रशासनिक कार्य ठप हो गए हैं। सबसे बड़ी परेशानी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को लेकर हैं जहां राहत प्रयासों की तत्काल आवश्यकता है।