ओडिशा के भद्रक जिले में नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर नकली डिटर्जेंट बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। सूत्रों के अनुसार, यह फैक्ट्री भद्रक ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीताल बाजार के पास लंबे समय से संचालित हो रही थी। यहां नामी कंपनियों के लोगो और पैकेजिंग का इस्तेमाल कर नकली डिटर्जेंट तैयार किया जा रहा था और उन्हें बाजार में बेचा जा रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात फैक्ट्री में छापेमारी की। छापेमारी की भनक लगते ही फैक्ट्री के कर्मचारियों ने परिसर में ताला लगा दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तलाशी के दौरान फैक्ट्री के अंदर से बड़ी मात्रा में नकली डिटर्जेंट के पैकेट, विभिन्न कंपनियों के लोगो और पैकेजिंग सामग्री जब्त की।
बताया जा रहा है कि इन मिलावटी उत्पादों की आपूर्ति भद्रक, बालेश्वर और जाजपुर जिलों के बाजारों में की जा रही थी। आरोप है कि बड़े ब्रांडों के नाम पर नकली उत्पाद बेचकर ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की जा रही थी।
इधर, पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक को पकड़ने के लिए जांच शुरू कर दी है। बंद परिसर के अंदर कच्चा माल, मशीनें और रसायन भी मिले हैं। पुलिस ने फैक्ट्री परिसर की निगरानी शुरू कर दी है और आज मकान की विस्तृत तलाशी ली जाएगी।