झारखंड में आज भी मौसम का बदला हुआ मिजाज देखने को मिलेगा। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बादलों की आवाजाही जारी है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, कुछ इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। राजधानी रांची में शुक्रवार की सुबह मौसम का अलग ही रूप देखने को मिला। सुबह के वक्त शहर के कई इलाकों में जबरदस्त धुंध छाई रही। धुंध इतनी घनी थी कि सड़कों पर विजिबिलिटी काफी कम हो गई। सुबह कामकाज और जरूरी कार्यों के लिए घरों से निकले लोगों को वाहनों की आवाजाही में भी परेशानी हुई। राजधानी रांची में शुक्रवार सुबह घनी धुंध देखने को मिली। शहर के कई हिस्सों में दूर तक देख पाना मुश्किल हो रहा था। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ मौसम में बदलाव की संभावना है।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। पलामू और गढ़वा जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।