सैटैलाइट टाउनशिप के विरोध में किसानों का हल्ला बोल

  • Aug 25, 2026
Khabar East:Farmers-protest-against-satellite-township
पटना,25 अगस्तः

बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को जमकर बवाल हुआ। एक साथ कई संगठनों का मार्च मिल गया, जिससे उहापोह की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी कड़ी में किसानों का भी प्रदर्शन देखने को मिला। सैटैलाइट टाउनशिप के विरोध में हजारों की संख्या में किसान सीएम आवास घेराव करने के लिए गांधी मैदान से निकले। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि खेती वाली जमीन है, सरकार को किसी भी हाल में नहीं देंगे।दरअसल, पुनपुन, नौबतपुर जैसे क्षेत्र से ग्रामीण आए हुए थे। किसान प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए समझाने डीएम, एसएसपी, एसपी खुद पहुंचे। हालांकि इस दौरान एक किसान नेता का कहना था कि वो छात्र में शामिल होने नहीं आए हैं। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। यह महज इत्तेफाक है कि सभी प्रदर्शन एक साथ जुट गए हैं।

 बिहार सरकार ने प्रदेश में 12 सैटेलाइट टाउनशिप बनाने का निर्णय लिया है। टाउनशिप के लिए जमीन अधिग्रहण को लेकर नाराजगी चल रही है। हालांकि सरकार बीच का रास्ता निकालना चाह रही है। पाटलिपुत्र टाउनशिप को 30 सेक्टर में विकसित करने का प्रस्ताव है। सरकार 4 मॉडल लैंड पुलिंग, समझौता, हाइब्रिड मॉडल और भूमि खरीद/अधिग्रहण पर काम कर रही है।

नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा का कहना है कि आने वाले समय में विभाग किसानों और भू-स्वामियों के बीच जाकर उन्हें योजना के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी देगा। साथ ही उनके सुझावों और विचारों को गंभीरता से सुना जाएगा।

 मंत्री नीतीश मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि किसानों और भू-स्वामियों के साथ संवाद केवल एक बैठक तक सीमित नहीं रहेगा। विभाग आगे भी उनके बीच जाकर योजना के विभिन्न पहलुओं को समझाएगा और उनकी राय सुनेगा। सरकार का जोर इस बात पर है कि जिन लोगों की जमीन या जीवन इस योजना से प्रभावित हो सकता है, उन्हें विकास प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जाए।

Author Image

Khabar East

  • Tags: