ओडिशा विधानसभा का मानसून सत्र 22 सितंबर से शुरू हो रहा है जो, तीन अक्टूबर तक चलेगा। विधानसभा सचिवालय की ओर से तैयार किए गए प्रारंभिक कैलेंडर के अनुसार, इस सत्र में कुल नौ कार्यदिवस होंगे। प्रारंभिक कार्यक्रम के मुताबिक, सत्र के दौरान एक दिन अवकाश रहेगा, जबकि दो दिन सदन की बैठक नहीं होगी। विधानसभा सचिवालय ने 17वीं ओडिशा विधानसभा के प्रस्तावित सातवें सत्र की बैठकों का प्रारंभिक कैलेंडर राज्य सरकार को भेज दिया है।
विधानसभा सचिवालय की ओर से 24 अगस्त को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई। विधानसभा सचिव सत्यव्रत राउत ने संसदीय कार्य विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर प्रस्तावित सत्र के बैठकों का प्रारंभिक कैलेंडर भेजा है।
पत्र में विधानसभा सचिव ने कहा है कि यदि सरकार प्रारंभिक कैलेंडर में प्रस्तावित 22 सितंबर को सत्र शुरू करने की तारीख पर सहमत होती है, तो विधानसभा का सत्र बुलाने के लिए राज्यपाल के समक्ष प्रस्ताव भेजने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए कदम उठाए जाएं।
मानसून सत्र के दौरान राज्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। विपक्ष की ओर से भी सरकार को विभिन्न जनहित और राज्य से जुड़े मुद्दों पर घेरने की तैयारी की जा सकती है। वहीं, सरकार की ओर से विभिन्न विधायी और प्रशासनिक कार्यों को सदन के समक्ष रखा जाएगा।
सत्र के विस्तृत एजेंडे और सदन में पेश किए जाने वाले विधेयकों एवं अन्य कार्यों की जानकारी आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने के बाद स्पष्ट होगी।