तालचेर में पुलिस ने गुरुवार देर रात घंटीपड़ा ओवरब्रिज के पास एक कार से 20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया है।
कोलियारी पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए बालेश्वर से तालचेर ब्राउन शुगर की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कई स्थानों पर नाकाबंदी की और कोलियारी थाना क्षेत्र के घंटीपड़ा ओवरब्रिज के पास संदिग्ध कार को रोक लिया।
कार की तलाशी के दौरान 20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। इसके बाद कार में सवार चारों लोगों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार सभी आरोपी तालचेर क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है और पुलिस मादक पदार्थ के स्रोत तथा तस्करी से जुड़े अन्य संभावित लोगों का पता लगाने में जुटी है।