बिहार के मधुबनी जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मॉर्निंग वॉक पर निकली तीन महिलाओं को जोरदार ठोकर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के धकजरी-बेनीपट्टी रोड पर हुई, जिसमें आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा किया और न्याय की मांग की। रविवार सुबह छह महिलाओं का समूह रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के बाद घर लौट रहा था। तभी अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने अचानक तीन महिलाओं को जोरदार ठोकर मार दी। हादसा इतनी तेजी से हुआ कि तीनों की मौके पर ही जान चली गई। चालक वाहन समेत घटनास्थल से फरार हो गया।
मृतक महिलाओं की पहचान अरेर थाना क्षेत्र के धकजरी नव टोली गांव की रीता देवी (42), पत्नी पच्चू साह, किरण देवी (40), पत्नी राजू महतो, और फूल दाई देवी (70), पत्नी अरुण झा के रूप में हुई है। तीनों एक ही गांव की रहने वाली थीं।
हादसे की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर दी, जिससे जगदंबा पेट्रोल पंप के पास दोनों तरफ करीब एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और भारी जाम की स्थिति पैदा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी और अरेर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बेनीपट्टी डीसीपी अमित कुमार डलवाल भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों आक्रोशित लोगों व परिजनों को समझाने-बुझाने के साथ सड़क जाम खुलवाने का प्रयास किया।