बिहार कैडर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (आईपीएस) जितेंद्र कुमार को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) यानी रेलवे सुरक्षा बल का नया महानिदेशक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को केंद्र सरकार की मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने मंजूरी दी है। वह वर्तमान महानिदेशक सोनाली मिश्रा की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक,मध्य प्रदेश कैडर की 1993 बैच की आईपीएस अधिकारी सोनाली मिश्रा का आरपीएफ महानिदेशक के रूप में कार्यकाल 31 अक्टूबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसके बाद जितेंद्र कुमार इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
हालांकि,उनके पदभार ग्रहण करने की वास्तविक तारीख की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार,जितेंद्र कुमार की नियुक्ति रेलवे बोर्ड में पे मैट्रिक्स के लेवल-16 के वेतनमान पर की गई है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से 31 मार्च 2030 तक या अगले आदेश तक निर्धारित किया गया है। इनमें से जो भी पहले लागू होगा,उसी के अनुसार कार्यकाल प्रभावी रहेगा।
बिहार कैडर के अधिकारी को केंद्रीय स्तर पर इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से राज्य के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में भी यह नियुक्ति चर्चा का विषय बनी हुई है।