खुर्दा के केबीडीएवी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव रद्द

  • Oct 15, 2026
Khabar East:Student-Union-Poll-Cancelled-At-KBDAV-College-After-Clash-Section-163-Clamped
भुवनेश्वर,15 अक्टूबरः

ओडिशा के खुर्दा जिले के निराकारपुर स्थित क्षेत्रबासी डीएवी (केबीडीएवी) कॉलेज में मतदान के दौरान परिसर में झड़प होने के बाद छात्र संघ चुनाव रद्द कर दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, स्थिति बेकाबू होने के बाद कॉलेज के प्राचार्य की सिफारिश पर खुर्दा के उप-जिलाधिकारी (सब-कलेक्टर) ने चुनाव रद्द करने का आदेश दिया। घटना के बाद प्रशासन ने कॉलेज परिसर और उसके आसपास सात दिनों के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है।

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब राज्यभर के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव चल रहे हैं। विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सुबह 8 बजे मतदान शुरू हुआ, जो दोपहर 2 बजे तक चलेगा। राज्य के अधिकांश संस्थानों में मतदान शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से हो रहा है, लेकिन निराकारपुर सहित कुछ कॉलेजों में तनाव और छात्रों के बीच अशांति की खबरें सामने आई हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: