25 साल का झारखंड, सिल्वर जुबली स्थापना दिवस को यादगार बनाने की तैयारी

  • Nov 03, 2025
Khabar East:Jharkhand-turns-25-preparations-underway-to-make-its-Silver-Jubilee-Foundation-Day-memorable
रांची,03 नवंबरः

15 नवंबर 2000 को झारखंड अपनी स्थापना के 25 साल पूरे करने जा रहा है। राज्य सरकार ने सिल्वर जुबली समारोह को यादगार बनाने की व्यापक तैयारी शुरू की है। ऐसा पहली बार होगा जब सात दिन तक राज्य स्थापना दिवस को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसकी शुरुआत 11 नवंबर से ही हो जाएगी। इसमें समाज के हर वर्ग को शामिल करने की तैयारी की जा रही है। मुख्य सचिव अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम को लेकर एक खाका तैयार किया गया है। विभागों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय कर दी गई है। स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ 11 नवंबर 2025 को हो जाएगा। मुख्य कार्यक्रम 15 नवंबर 2025 को होगा। 16 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। 29 नवंबर 2025 को मोरहाबादी मैदान में समापन समारोह का आयोजन होगा।

 मोरहाबादी मैदान में मुख्य कार्यक्रम स्थल के पास प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इसमें सभी जिले भाग लेंगे. यहां अलग-अलग विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का आंदोलन, उनके संघर्ष और जीवनी पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन होगा। साथ ही झारखंड आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले दिवंगत शिबू सोरेन के जीवनवृत्त और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

 15 नवंबर 2025 को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती है। इस मौके पर 2 बजे से 4 बजे तक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके अलावा 16 नवंबर को 12 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थापना दिवस यानी 15 नवंबर को 11 बजे से 1 बजे तक जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य को कई सौगात देंगे।

 28 नवंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के वर्तमान कार्यकाल का पहला साल पूरा होने जा रहा है। लिहाजा, इस दिन को भी यादगार बनाने की तैयारी है। राज्य स्थापना दिवस के तहत 29 नवंबर को नियुक्ति पत्र वितरण और 1 साल की उपलब्धियां प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: