बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा के पूर्व सांसद अमर पटनायक सोमवार को भुवनेश्वर स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य मुख्यालय में भाजपा में शामिल हो गए। पटनायक का पार्टी में स्वागत मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, भाजपा के राज्य प्रभारी विजय पाल सिंह तोमर और प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में किया गया। अमर पटनायक का भाजपा में शामिल होना उनके राजनीतिक जीवन में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है। वे भाजपा में शामिल होने से पहले बीजद के एक प्रमुख चेहरे के रूप में जाने जाते थे। इस घटनाक्रम के साथ, पटनायक अब ओडिशा में भाजपा की पकड़ मजबूत करने में अहम भूमिका निभाने की तैयारी में हैं।
भाजपा में शामिल होने के बाद पटनायक ने कहा कि वे भाजपा की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि जब भी मैं मोदी जी का संसद में भाषण सुनता हूं, तो प्रभावित होता हूं। मैं उनके भारत को आगे ले जाने के संकल्प से प्रेरित हूं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व में एक विशेष स्थान प्राप्त किया है।
उन्होंने आगे कहा कि मैंने लोगों की सेवा के लिए अपनी नौकरी छोड़ी थी। अब मैं राज्य की सेवा करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहता हूं। पार्टी मुझे जो भी जिम्मेदारी देगी, मैं उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा।
अमर पटनायक वर्ष 2018 में बीजद में शामिल हुए थे, जब यह क्षेत्रीय दल राज्य में सत्ता में था। इसके बाद वे राज्यसभा सांसद बने और बीजद की आईटी सेल के अध्यक्ष नियुक्त हुए। उन्होंने बीजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में भी कार्य किया था।