स्वतंत्रता दिवस से पहले ओडिशा के उद्योग, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री संपद चंद्र स्वाईं ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जयपुर में आयोजित तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। इस अवसर पर स्वाईं ने कहा कि तिरंगा राष्ट्रीय गौरव, आत्मसम्मान और एकता का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा लोगों में देशभक्ति की भावना को जागृत करती है और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष एवं बलिदान की याद दिलाती है।
यह तिरंगा यात्रा जयपुर नगरपालिका के राजानगर चौक से शुरू होकर विक्रम देव विश्वविद्यालय तक निकाली गई। यात्रा के दौरान 50 मीटर लंबा राष्ट्रीय ध्वज आकर्षण का केंद्र रहा। सैकड़ों छात्रों, युवाओं, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में भाग लिया।
स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर की कई सड़कों को तिरंगे झंडों से सजाया गया था, जिससे पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया।
यात्रा के दौरान कोरापुटिया लोक कला भी प्रमुख आकर्षण रही। पारंपरिक संगीत की धुन पर लोक कलाकारों ने ढेमसा नृत्य प्रस्तुत किया। मंत्री संपद स्वाईं ने भी कलाकारों के साथ ढेमसा नृत्य में हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा जयपुर की प्रमुख सड़कों से होते हुए विक्रम देव विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान पूरा शहर “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में जिला योजना समिति के अध्यक्ष एवं कोरापुट विधायक रघुराम मछा, जयपुर विधायक ताराप्रसाद वाहिनिपति, जिला प्रशासन के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और अन्य लोग भी शामिल हुए।