एंटी नक्सल और डिमाइनिंग ऑपरेशन के दौरान आज बॉर्डर सिक्युरिटी फोर्स (बीएसएफ 94वीं बटालियन) को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कांकेर-गढ़चिरौली (महाराष्ट्र) सीमा से लगे ग्राम दागुनटोला-पुसगटटा के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सल डंप बरामद किया। पहाड़ की खोह में छिपाकर रखे गए डंप से जवानों ने 12 बोर की दो रायफल सहित कई जिंदा कारतूस बरामद किए। हथियार के साथ मौके से दो प्रिंटर भी मिले हैं।
इससे पता चलता है कि नक्सली जंगल में नक्सली पर्चे छापने के लिए प्रिंटिंग मशीन का पूर्व में इस्तेमाल किया करते थे। नक्सली डंप मिलने की पुष्टि कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने भी की है। एसपी ने बताया कि मौके से 12 बोर की बंदूक और 11 जिंदा कारतूस सहित 2 प्रिंटर मिले हैं।
कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि फोर्स रूटीन सर्चिंग अभियान पर निकली थी। नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में सर्चिंग के दौरान जवानों को माओवादियों का एक डंप नजर आया। नक्सली डंप पहाड़ की खोह में था। तलाशी के दौरान वहां से हथियार और जिंदा कारतूस सहित दो प्रिंटर मिले हैं। जवान इलाके में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सर्चिंग कर रहे हैं।