सीएम माझी ने पेश किया भाजपा सरकार के 100 दिन का रिपोर्ट कार्ड

  • Sep 19, 2024
Khabar East:Odisha-CM-Presents-100-Days-Report-Card-Of-BJP-Govt-Claims-All-Promises-Met-In-Time-Bound-Manner
पुरी,19 सितंबरः

ओडिशा में भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को कहा कि पार्टी के चुनाव घोषणापत्र में किए गए वादों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया है। पुरी में एक विशेष कार्यक्रम में सत्ता में पहले 100 दिनों की रिपोर्ट पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार 2036 तक विकसित ओडिशाबनाने की दिशा में आगे बढ़ते हुए लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

राज्य सरकार ने पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर के चार द्वार और रत्न भंडार खोलने के लिए त्वरित कदम उठाए। जगन्नाथ मंदिर के उचित प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए 500 करोड़ रुपये का कोष बनाया गया है। इसी तरह, ओडिया अस्मिता के संरक्षण के लिए 200 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।

तीर्थ नगरी के शरधाबाली में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सीएम माझी ने कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वादे के अनुसार महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए सुभद्रा योजना भी शुरू की है।

 महत्वपूर्ण बात यह है कि भाजपा सरकार ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं। केवल 100 दिन में कुल 71 भ्रष्टाचार के मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही 17 प्रथम श्रेणी और सात द्वीतीय श्रेणी के अधिकारियों सहित 58 सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा के लोगों ने 24 वर्षों तक पिछली बीजद सरकार द्वारा धोखा दिए जाने के बाद भाजपा को सत्ता में लाने के लिए वोट दिया।  राज्य में अब जनता की सरकार है जो उनकी आशाओं और आकांक्षाओं पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

 इस बात पर अफसोस जताते हुए कि पिछली सरकार द्वारा लोगों की शिकायतों को नहीं सुना जा रहा था, उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अब नियमित रूप से लोगों की शिकायतें सुन रही है। राज्य के पश्चिमी, दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों में शिकायत प्रकोष्ठ सत्र आयोजित करने और लोगों की समस्याएं सुनने की योजना भी चल रही है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: