बीमा लोकपाल बनकर शिक्षक से 30 लाख की ठगी, सात आरोपी गिरफ्तार

  • May 20, 2026
Khabar East:Seven-accused-arrested-for-duping-teacher-of-Rs-30-lakh-by-posing-as-insurance-ombudsman
कोंडागांव,20 मईः

फरसगांव पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय एवं इंटरनेशनल साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक इंटरनेशनल ठग भी शामिल है। आरोपियों ने बीमा लोकपाल परिषद का अधिकारी बनकर एक शिक्षक को झांसे में लिया और करीब 30 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया।फरसगांव एसडीओपी अभिनव उपाध्याय ने बताया कि कोपरा बाजारपारा निवासी शिक्षक शंकरलाल राणा को कुछ महीने पहले एक कॉल आया था। कॉल करने वालों ने खुद को बीमा लोकपाल परिषद का एजेंट बताते हुए कहा कि उनकी इंश्योरेंस की बड़ी राशि फंसी हुई है। रकम वापस पाने के लिए प्रोसेसिंग फीस जमा करने की बात कही गई। ठगों की बातों में आकर शिक्षक ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 29 लाख 69 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का अहसास होने पर उन्होंने फरसगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और बैंक खातों की जांच के आधार पर पुलिस को कई अहम सुराग मिले। इसके बाद दिल्ली और उत्तरप्रदेश में लगातार दबिश दी गई। करीब 10 दिनों तक चली कार्रवाई के बाद पुलिस ने गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

कोंडागांव एडिशनल एसपी कपिल चंद्रा ने बताया कि आरोपी फर्जी सिम कार्ड, बैंक खाते और आधार डिटेल बदलकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। रकम खाते में आते ही अलग-अलग एटीएम से पैसे निकाल लिए जाते थे ताकि पुलिस तक कोई सुराग न पहुंचे। पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपी पहले भी साइबर अपराध के मामलों में जेल जा चुका है और यह नेटवर्क कई वर्षों से सक्रिय था। एडिशनल एसपी कपिल चंद्रा ने बताया कि पुलिस अब आरोपियों के अन्य राज्यों में फैले नेटवर्क और बैंक खातों की जांच कर रही है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: