ओडिशा के दूरदराज गांवों में नुक्कड़ नाटकों से रूफटॉप सोलर का प्रचार

  • Sep 19, 2026
Khabar East:Street-Plays-Light-Up-Remote-Odisha-Villages-To-Promote-Rooftop-Solar
भुवनेश्वर,19 सितंबरः

सौर ऊर्जा का संदेश गांव-गांव और अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए ओडिशा सरकार और बिजली वितरण कंपनी टीपी साउदर्न ओडिशा डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (TPSODL) रूफटॉप सोलर को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए नुक्कड़ नाटकों का सहारा ले रही हैं। राज्य सरकार और टीपी साउदर्न ओडिशा डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (TPSODL) ने इस सप्ताह आठ जिलों के गांवों और दूरदराज के आदिवासी इलाकों में अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजनाके लाभ, पात्रता और इसे अपनाने की प्रक्रिया के बारे में लोगों को जागरूक करना है। एक अधिकारी ने बताया कि इस पहल में अंतिम छोर तक संदेश पहुंचाने के प्रभावी माध्यम के रूप में नुक्कड़ नाटक की ताकत का इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कलाकारों की टीमें गांव-गांव जाकर ओड़िया और स्थानीय बोलियों में विशेष रूप से तैयार किए गए नुक्कड़ नाटकों का मंचन कर रही हैं। परिचित पात्रों, परिस्थितियों, हास्य, संगीत और संवाद के माध्यम से रूफटॉप सोलर के फायदों को सरल और आसानी से समझ आने वाले तरीके से बताया जा रहा है।

 यह अभियान मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़ा, नवरंगपुर, गजपति, कंधमाल, बौध और गंजाम जिलों में चलाया जा रहा है, जहां कुल 250 नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जा रहा है।

नाटकों का मंचन शाम के समय किया जा रहा है, जब ग्रामीण समुदाय दिनभर के काम के बाद एक जगह इकट्ठा होते हैं। प्रदर्शन से पहले टीमें गांव स्तर पर लोगों को एकत्र करती हैं। इससे दर्शकों को नाटक देखने के साथ-साथ अभियान की टीम से सीधे बातचीत करने का अवसर भी मिलता है।

इच्छुक उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर लगाने की आगे की प्रक्रिया समझाने के लिए आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) सामग्री भी वितरित की जा रही है।

TPSODL इससे पहले भी जन सुरक्षा, पशु सुरक्षा, बिजली के अवैध कनेक्शन की रोकथाम, विद्युत सुरक्षा, ऊर्जा संरक्षण और अन्य सामुदायिक जागरूकता अभियानों के लिए नुक्कड़ नाटकों का व्यापक स्तर पर इस्तेमाल कर चुकी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: