सैंड आर्ट के जरिए कैप्टन स्मित मच्छर के साहस को सलाम

  • Oct 02, 2026
Khabar East:Sudarsan-Pattnaik-Salutes-Captain-Smit-Machchhars-Bravery-Through-Sand-Art
भुवनेश्वर,02 अक्टूबरः

कला और राष्ट्रप्रेम का भावपूर्ण संगम पेश करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध रेत कलाकार और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित सुदर्शन पटनायक ने ओडिशा के पुरी बीच पर एक विशेष रेतकलाकृति बनाई है। इसके जरिए उन्होंने फ्लाईदुबई की उस उड़ान के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को सम्मानित किया, जिनके असाधारण साहस ने विमान में सवार 174 लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। इस कलाकृति पर भावनात्मक संदेश लिखा गया है- “कैप्टन स्मित मच्छर को सलाम - जल्द स्वस्थ हों।

इस सैंड आर्ट के माध्यम से पटनायक ने भारत और दुनिया भर के लोगों की ओर से उस पायलट के प्रति सम्मान और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना व्यक्त की है, जिन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी।

 सुदर्शन पटनायक ने सोशल मीडिया पर इस सैंड आर्ट को साझा करते हुए लिखा, “कैप्टन स्मित मच्छर के असाधारण साहस, निस्वार्थ बलिदान और दूसरों की जान बचाने के उनके अटूट संकल्प को दिल से सलाम। उनके शीघ्र स्वस्थ होने, नई ऊर्जा और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं। उनके असाधारण साहस ने भारत से लेकर इजरायल और संयुक्त अरब अमीरात तक दुनियाभर के लोगों के दिलों को छुआ है। ओडिशा के पुरी बीच पर अपनी सैंड आर्ट के माध्यम से मैं यह भावपूर्ण संदेश साझा कर रहा हूं— कैप्टन स्मित मच्छर को सलाम, जल्द स्वस्थ हों!”

बाद में प्रसिद्ध कलाकार ने कहा कि दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जिंदगी जोखिम में डालने वाले कैप्टन को आज पूरी दुनिया सलाम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय होने के नाते हमें आज उन पर बेहद गर्व है। एक कलाकार के रूप में हम अपनी कला के जरिए उन्हें सलाम करते हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।

 गौरतलब है कि मुंबई निवासी पायलट स्मित मच्छर की जड़ें गुजरात से जुड़ी हैं। उन्हें करीब 9,750 घंटे का उड़ान अनुभव है, जिसमें अधिकांश अनुभव बोइंग 737 विमान उड़ाने का है। उन्होंने इससे पहले एक दशक से अधिक समय तक स्पाइसजेट में सेवा दी थी और वहां लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के पद तक पहुंचे थे। इसके बाद वर्ष 2022 में वह फ्लाईदुबई से जुड़े और डायरेक्ट-एंट्री कैप्टन के रूप में अपनी सेवाएं शुरू कीं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: