ओडिशा में चार अक्टूबर से ओमफेड दूध की कीमतों में बढ़ोतरी होने जा रही है। सहकारी संस्था ने अपने प्रमुख दूध उत्पादों के खुदरा मूल्य में संशोधन किया है। इसके बाद राज्यभर के उपभोक्ताओं को दूध के लिए पहले की तुलना में अधिक कीमत चुकानी होगी।
टोंड मिल्क की कीमत में सबसे ज्यादा 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसकी कीमत 54 रुपये से बढ़कर 58 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। वहीं, 500 मिलीलीटर का पैकेट 2 रुपये महंगा होगा।
इसी तरह ओमफेड प्रीमियम मिल्क की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसकी कीमत 58 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। 500 मिलीलीटर का पैकेट अब 1 रुपये महंगा मिलेगा।
गोल्ड प्लस मिल्क की कीमत भी 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है। इसकी कीमत 64 रुपये से बढ़कर 66 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। इसके 500 मिलीलीटर पैकेट की कीमत में 1 रुपये की बढ़ोतरी होगी।
दूध की कीमतों में यह संशोधन ओमफेड द्वारा 11 सितंबर से डेयरी किसानों को दिए जाने वाले दूध के खरीद मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के फैसले के बाद किया गया है।
ओमफेड ने कहा था कि उत्पादन और परिवहन लागत में तेज वृद्धि को देखते हुए किसानों को बेहतर रिटर्न देने के लिए खरीद मूल्य बढ़ाया गया है। खास तौर पर पशु आहार और अन्य जरूरी इनपुट की बढ़ती कीमतों के कारण डेयरी किसानों की लागत में काफी इजाफा हुआ है।