राजधानी रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा जरिया स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, कार तेज गति से ट्रेलर के पीछे चल रही थी। इसी दौरान चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने मदद की। इसके बाद घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया।
बेड़ो डीएसपी दीपक ने बताया कि नायरा पेट्रोल पंप से ठीक पहले यह हादसा हुआ। एक ट्रेलर सड़क पर आगे चल रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में घुस गई। हादसे में कार चला रहे व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आगे की सीट पर बैठा दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चालक को संभवतः झपकी आ गई थी। इसी वजह से वह आगे चल रहे ट्रेलर को समय रहते नहीं देख सका और कार सीधे उसमें जा घुसी। हालांकि, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे ने एक बार फिर जमशेदपुर में हुए उस दर्दनाक हादसे की याद दिला दी जिसमे मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी सहित चार की दर्दनाक मौत हो गई थी। हालांकि, इस घटना में चलते ट्रेलर में कार ने पीछे से टक्कर मारा था।