ओडिशा से नवनिर्वाचित तीन राज्यसभा सदस्यों ने सोमवार को संसद के उच्च सदन में शपथ ग्रहण की। विशेष बात यह रही कि तीनों सांसदों ने अपनी मातृभाषा ओड़िया में शपथ लेकर गौरव का परिचय दिया।
ओड़िया भाषा में शपथ लेने वाले सांसदों में मनमोहन सामल (भाजपा), दिलीप कुमार राय (भाजपा समर्थित निर्दलीय) और संत्रुप्त मिश्रा (बीजद) शामिल हैं। हालांकि, ओडिशा से निर्वाचित चौथे सदस्य सुजीत कुमार ने आज शपथ नहीं ली। उनके शपथ ग्रहण समारोह में अनुपस्थित रहने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन की उपस्थिति में शपथ ग्रहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान उपसभापति हरिवंश तथा संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू भी राज्यसभा कक्ष में मौजूद रहे।
राज्यसभा के सभापति ने संसद भवन में ओडिशा से नवनिर्वाचित तीनों सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
ओडिशा की चार राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव 16 मार्च 2026 को आयोजित हुए थे। इस चुनाव में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल और सुजीत कुमार भाजपा के टिकट पर विजयी हुए, जबकि दिलीप कुमार राय भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीते। वहीं बीजू जनता दल (बीजद) की ओर से संत्रुप्त मिश्रा ने जीत हासिल की।