भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के नौ जुलाई को प्रस्तावित ओडिशा दौरे को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव अनु गर्ग ने शनिवार को लोक सेवा भवन में राज्य स्तरीय तैयारी बैठक की अध्यक्षता कर विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में उपराष्ट्रपति के दौरे को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात प्रबंधन, परिवहन, चिकित्सा व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक लॉजिस्टिक तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति भारतीय ध्वज वाले मछली पकड़ने वाले जहाजों को गहरे समुद्र में मत्स्य पालन के लिए 'लेटर ऑफ ऑथराइजेशन' के राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा, वे खोर्धा स्थित राष्ट्रीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (NISER) के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे और दीक्षांत भाषण भी देंगे।
तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने सभी विभागों को सौंपे गए कार्य समय पर पूरा करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने दौरे के दौरान चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, निर्बाध बिजली एवं पेयजल आपूर्ति, अग्नि सुरक्षा, स्वच्छता, सड़क रखरखाव, चिकित्सा सुविधाएं, एम्बुलेंस सेवा तथा निर्बाध प्रोटोकॉल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत शर्मा, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाईबी खुरानिया, स्कूल एवं जनशिक्षा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव एन. तिरुमला नाइक, वाणिज्य एवं परिवहन विभाग के प्रधान सचिव एनबीएस राजपूत तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।