आईआरएस अधिकारी पर दहेज के लिए पत्नी को प्रताड़ित करने का आरोप

  • Oct 23, 2021
Khabar East:IRS-officer-accused-of-torturing-wife-for-dowry
रांची,23 अक्टूबरः

भारतीय राजस्व सेवा के एक पदाधिकारी पर उनकी पत्नी ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। इस संबंध में रांची की रहने वाली पीड़िता ने अपने पति समेत सास-ससुर के खिलाफ सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। आईआरएस अधिकारी दिल्ली में पथ निर्माण में पोस्टेड हैं। वर्तमान में वे न्यू दिल्ली के पहाड़गंज में रहते हैं। वे मूलरूप से झुमरी तिलैया के रहने वाले हैं।

दर्ज प्राथमिकी में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उनके पति ने उनसे दहेज के रूप में कार के अलावा दिल्ली में एक फ्लैट की डिमांड की है। इंकार करने पर उनके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। वर्तमान में वह अपने रांची स्थित मायके में रह रही है। इधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

35 लाख के गहने छीनकर घर से निकाला: पीड़िता का आरोप है कि दिसंबर 2017 में पति उनके साथ मारपीट कर घायल कर दिए थे, जिस वजह से उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। मामले में स्थानीय थाना को सूचना दी गई थी। उस वक्त दोनों के बीच समझौता हो गया था। इस वजह से वह पति के खिलाफ केस नहीं की। 23 दिसंबर 2017 को उनके पति ने उनसे शादी में मिले 35 लाख के गहने छीन लिये। इसके बाद मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपने मायके लौट आयी। अब ससुराल वाले उनका फोन तक नहीं उठाते हैं।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उनके पति का दूसरी महिलाओं के साथ भी संबंध है। मोबाइल पर वे अक्सर महिलाओं से अश्लील बातचीत किया करते थे। दिल्ली की एक छात्रा को अविवाहित होने का झांसा देकर उसके साथ भी गलत संबंध बनाया। जब छात्रा को इसकी जानकारी मिली तब वह उन्हें छोड़ दी।

पीड़िता ने बताया कि आईआरएस अधिकारी से उनकी शादी जून 2017 में हुई थी। शादी में उनके परिजनों ने एक करोड़ रुपए के गहने व सामान खर्च किए थे। शादी के कुछ दिन बाद से ही वह उन्हें प्रताड़ित करना शुरू कर दिए। शारीरिक शोषण के साथ मारपीट किया करते थे। वे नशे के आदी हैं। अत्याधिक नशे के कारण वे उन्हें शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना दिया करते थे। सास और ससुर भी अपने पुत्र का साथ दिया करते थे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: