भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण ऐरोबेटिक्स टीम ने रविवार 20 अप्रैल को रांची में दूसरे दिन भी अपने पराक्रम से लोगों का दिल जीत लिया। रांची के नामकुम स्थित आर्मी मैदान में "एयर शो" के दूसरे दिन आसमान में एक से बढ़कर एक करतब दिखाए। आज सूर्य किरण टीम के सभी नौ फाइटर विमान एयर शो में शामिल हुए। शुक्रवार को रांची में ओलावृष्टि और पानी की वजह से तीन फाइटर प्लेन को कुछ नुकसान पहुंचा था। इस वजह से पहले दिन के एयर शो में सिर्फ 6 लड़ाकू विमान ही शामिल हो पाए थे। वहीं रविवार को एयर शो के दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने हुंकार भरते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नया भारत है। नया भारत दुश्मनों से न डरता है और न झुकता है, बल्कि आंखों में आंख डाल कर बात करता है। रांची के सांसद और देश के रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि हम मजबूत हुए हैं और सैन्य समान के लिए हमारी दूसरे देशों पर निर्भरता कम हुई है। यह गर्व की बात है कि हम 70 प्रतिशत आत्मनिर्भर हो चुके हैं। यह पहले वाला भारत नहीं है,अब हम दुनिया के 90 से अधिक देशों को सैन्य समान निर्यात कर रहे हैं।
रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि रांची के बाद अब 22 और 23 अप्रैल को बिहार की राजधानी पटना में एयर फोर्स की "सूर्य किरण टीम" एयर शो करेगी।